कोटा। शहर के विभिन्न रिहायशी इलाकों में सांप निकलने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। अलग-अलग क्षेत्रों के तीन मकानों में जहरीले व दुर्लभ सांप घुसने से क्षेत्रवासियों में हड़कंप मच गया। कहीं घर के अंदर जानलेवा 'कॉमन करैत' मिला, तो कहीं 'ब्लैक कोबरा' और करीब 4 फीट लंबी दुर्लभ 'दोमुंही चकलोन' नजर आई। सूचना मिलने पर पहुंचे स्नेक कैचर ने तत्परता दिखाते हुए तीनों सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें जंगल में छोड़ दिया।
11 लोगों की मौजूदगी में घर में घुसा साइलेंट किलर करैत
आरके पुरम थाना क्षेत्र स्थित श्रीनाथपुरमइलाके में देर रात एक मकान में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कमरे में कॉमन करैत सांप रेंगता दिखा। जिस समय सांप घर में दाखिल हुआ, उस वक्त परिवार के करीब 11 सदस्य अंदर ही मौजूद थे। परिजनों की सूचना पर स्नेक कैचर गोविंद शर्मा तुरंत मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक करैत का रेस्क्यू किया। जानकारों के मुताबिक कॉमन करैत देश का सबसे विषैला सांप है, जिसे 'साइलेंट किलर' भी कहा जाता है।
निर्माणाधीन मकान की टपरी में निकली 4 फीट लंबी चकलोन
दादाबाड़ी बड़े चौराहे के पास एक निर्माणाधीन मकान में बने चौकीदार की टपरी में करीब चार फीट लंबी दोमुंही चकलोन दिखाई दी। सांप नजर आते ही चौकीदार और आसपास के लोगों में डर का माहौल बन गया। मौके पर पहुंचे स्नेक कैचर ने इसे भी सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
बंधा धरमपुरा में निकला ब्लैक कोबरा
इसी तरह बंधा धरमपुरा इलाके की एक रिहायशी कॉलोनी के मकान में ब्लैक कोबरा घुसने से परिवार के लोग सहम गए। रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर कोबरा को भी सुरक्षित पकड़ लिया। तीनों सांपों को सुरक्षित रूप से प्राकृतिक आवास (जंगल) में रिलीज कर संबंधित वन अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है।
