कोटा। शहर के नयापुरा बस स्टैंड के पास दीपावली की रात पटाखे चलाने की बात को लेकर पड़ोसियों के बीच विवाद हो गया। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई और लाठी-डंडे चले। झगड़े की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार बीती रात पटाखे चलाने को लेकर दो पड़ोसी पक्षों में विवाद शुरू हुआ। दोनों ओर से कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। कुछ देर तक मौके पर हंगामा चलता रहा। इस दौरान लाठी-डंडों का भी इस्तेमाल किया गया। आसपास मौजूद लोगों ने झगड़े को देखा, जबकि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
सूचना पर नयापुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों की ओर से प्रकरण दर्ज कराया गया है। मामले में शांति भंग करने के आरोप में दोनों पक्षों के लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
