कोटा। पीपल्दा विधानसभा क्षेत्र के किसानों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर सोमवार दोपहर विशाल ‘किसान न्याय क्रांति’ ट्रैक्टर रैली का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय विधायक चेतन पटेल कोलाना के नेतृत्व में उनके पैतृक गांव कोलाना से सैकड़ों ट्रैक्टरों और मोटरसाइकिलों के विशाल काफिले के साथ यह न्याय यात्रा शुरू हुई, जो दीगोद उपखंड कार्यालय का घेराव करने के लिए रवाना हुई।
500 से अधिक ट्रैक्टरों का काफिला हुआ रवाना
रैली को लेकर गांव-गांव में किसानों के बीच खासा उत्साह देखा गया। करीब 500 ट्रैक्टरों के साथ दोपहर 12 बजे कोलाना से शुरू हुई यह रैली दीगोद उपखंड अधिकारी (SDM) कार्यालय पहुंचेगी, जहां प्रशासन के खिलाफ उग्र धरना-प्रदर्शन और सभा का आयोजन कर ज्ञापन सौंपा जाएगा। कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियोंऔर बड़ी संख्या में अन्नदाताओं ने हिस्सा लिया।
किसानों की प्रमुख मांगें:
- डीएपी (DAP) खाद के साथ जबरन अटैचमेंट और कालाबाजारी पर पूर्ण रोक लगाई जाए।
- शौचालय, कैटलशेड और प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) की लंबित द्वितीय किस्त का भुगतान तुरंत किया जाए।
- कृषि यंत्रों की बकाया सब्सिडी किसानों के खातों में जारी हो।
- स्मार्ट मीटर से जुड़ी कथित धांधली और समस्याओं का स्थायी समाधान हो।
समाधान न मिलने पर कलेक्ट्रेट कूच की चेतावनी
विधायक चेतन पटेल कोलाना ने प्रशासन को दो-टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मौके पर ही किसानों की वाजिब मांगों और समस्याओं का निस्तारण नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसके बाद सभी किसान कोटा कलेक्ट्रेट का रुख करेंगे और उग्र घेराव किया जाएगा।
