बूंदी, 22 सितंबर। खाद की आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं और किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने के संबंध में मंगलवार को जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें खाद कंपनियों के प्रतिनिधियों और डीलरों के साथ आपूर्ति व्यवस्था पर चर्चा की गई।
कलक्टर ने निर्देश दिए कि कंपनियां और डीलर किसानों को खाद के साथ अनावश्यक रूप से कोई सप्लीमेंट खरीदने के लिए बाध्य नहीं करें। खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी में किसी सरकारी कर्मचारी की मिलीभगत सामने आने पर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलक्टर ने किसानों की आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने और कृषि विभाग से जुड़ी जरूरी जानकारी नियमित रूप से देने के निर्देश भी दिए। खाद की मांग और उपलब्धता की समीक्षा हर 15 दिन में की जाएगी। रबी फसलों के लिए अभी से कार्ययोजना बनाकर लागू करने और पूर्व वर्षों के आंकड़ों का अध्ययन करने को कहा गया।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) रमेश देव, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक राजेश कुमार शर्मा, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. नीलकमल सक्सेना सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
