बूंदी, 24 सितंबर। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव की अध्यक्षता में हुई। कलक्टर ने चिकित्सा संस्थानों में सभी आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिले में उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की ब्लॉकवार रैंकिंग तय करने को कहा। जिला स्वास्थ्य समिति की अगली बैठक से पहले सभी बिंदुओं से संबंधित जानकारी और आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश भी दिए।
कलक्टर ने राजकीय चिकित्सा संस्थानों में संस्थागत प्रसव की प्रगति बढ़ाने को कहा, ताकि जिले की रैंकिंग में सुधार हो। उन्होंने टीकाकरण की गति बढ़ाने और चिकित्सा संस्थानों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओ.पी. सामर, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कमलेश शर्मा, ब्लॉक सीएमएचओ और चिकित्सा संस्थानों के प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे।
