बूंदी, 22 सितंबर। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी चारू (आईएएस) ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभार्थियों को वीबी-जी राम जी योजना के तहत भी लाभान्वित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विकास अधिकारियों से आवास निर्माण की प्रगति की नियमित समीक्षा कर स्वीकृत आवास समय पर पूरे कराने को कहा।
सीईओ ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के दिशा-निर्देशों के अनुसार लाभार्थियों को अन्य योजनाओं से जोड़कर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रावधान है। इसके तहत आवास निर्माण के लिए अकुशल मजदूरी घटक में लागू दर से 90 श्रमिक दिवस का पारिश्रमिक दिया जाना है।
उन्होंने विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवास निर्माण के लिए वीबी-जी राम जी योजना के तहत स्वीकृत 90 दिनों की मस्टररोल जारी नहीं होने के कारणों की नियमित समीक्षा करें। प्रगतिरत आवासों के लाभार्थियों को अनुमत पारिश्रमिक दिलाकर निर्माण कार्य पूरा कराना सुनिश्चित करें।
