कोटा। अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग रिंग में कोटा की बेटी अरुंधति चौधरी ने एक बार फिर भारत का तिरंगा लहराया है। फिनलैंड में 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित प्रतिष्ठित तम्मेर कप बॉक्सिंग प्रतियोगिता में अरुंधति ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। फाइनल मुकाबले में उन्होंने आयरलैंड की एवलिन ईघरो को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
कोटा महाबली स्पोर्ट्स एकेडमी की खिलाड़ी अरुंधति ने प्रतियोगिता में शुरुआत से ही दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में मेजबान फिनलैंड की विलमा कूसीक्को को हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड की बीलोओलुना को शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई। खिताबी मुकाबले में आयरलैंड की मुक्केबाज को पराजित कर उन्होंने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
अरुंधति के बेसिक कोच अशोक गौतम के अनुसार, प्रतियोगिता में ओलंपिक भार वर्ग के शीर्ष आठ खिलाड़ियों ने अपने-अपने देशों का प्रतिनिधित्व किया। भारत की ओर से सात महिला और सात पुरुष मुक्केबाज प्रतियोगिता में शामिल हुए थे। ऐसे अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के बीच अरुंधति की स्वर्णिम उपलब्धि भारतीय बॉक्सिंग के लिए भी उल्लेखनीय रही।
अरुंधति की जीत की खबर मिलते ही कोटा के खेल जगत में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके पिता एवं कोटा बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष सुरेश चौधरी, माता सुनीता चौधरी और खेल जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
