नागरिक अभिव्यक्ति | कोटा ग्रामीण
बपावरकलां थाना पुलिस ने खेतों की विद्युत मोटरों की केबल चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करने का दावा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी हुई विद्युत केबल भी बरामद की है। आरोपियों के नाम और बरामद केबल की मात्रा पुलिस की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी में नहीं बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के अनुसार, लदुरी गांव के किसान दुर्गाशंकर नागर और अन्य ग्रामीणों ने 20 सितंबर को रिपोर्ट दी थी कि गांव में करीब दो महीने से हर पांच-सात दिन में खेतों पर लगी विद्युत मोटरों की केबल चोरी हो रही है। ग्रामीणों ने अब तक करीब एक से डेढ़ लाख रुपए के नुकसान की बात कही थी।
रिपोर्ट पर जांच के बाद बपावरकलां थाने में प्रकरण संख्या 142/2026 भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में रोष और चिंता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीमें गठित कीं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा के सुपरविजन और सांगोद वृत्ताधिकारी नरेंद्र जैन के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी सुरेश मीणा के नेतृत्व में टीम ने मामले की जांच की। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की केबल बरामद की गई। मामले में अनुसंधान जारी है।
