कोटा। बारां जिले के अंता थाना क्षेत्र के मानपुरा खरखड़ा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में मोहित कहार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले सांगोद अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर कोटा के एमबीएस अस्पताल रेफर कर दिया गया।
फिलहाल उसका इमरजेंसी वार्ड में उपचार चल रहा है।
घायल मोहित ने रविवार सुबह करीब 8:30 बजे बताया कि गांव के एक युवक के साथ मोटरसाइकिल को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी। आरोप है कि इसी विवाद के चलते दूसरे युवक ने शराब के नशे में तालाब की पाल पर उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद घायल को उपचार के लिए सांगोद अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से चिकित्सकों ने उसे कोटा रेफर कर दिया। एमबीएस अस्पताल में उसका उपचार जारी है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हमले के कारणों और घटनाक्रम की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही मामले के अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।
