बारां। यूजीसी से संबंधित प्रस्तावित व्यवस्था के विरोध और इसे वापस लेने की मांग को लेकर बुधवार को सवर्ण एकता मंच की अपील पर सवर्ण समाज ने शहर में वाहन रैली और पैदल मार्च निकाला। प्रताप चौक से शुरू हुई रैली में सैकड़ों महिला-पुरुष, युवा और समाज के विभिन्न घटकों के प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में यूजीसी रोलबैक से जुड़ी तख्तियां लेकर नारेबाजी की और सरकार से प्रस्तावित व्यवस्था वापस लेने की मांग की।
रैली दोपहर करीब 3 बजे प्रताप चौक से रवाना हुई। दुपहिया वाहनों के साथ पैदल चल रहे प्रदर्शनकारी चारमूर्ति चौराहा और कोटा रोड होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। रास्तेभर प्रदर्शनकारियों ने 'यूजीसी रोलबैक', 'जाति के नाम पर बांटना बंद करो', 'भारत माता की जय' और 'सवर्ण एकता जिंदाबाद' जैसे नारे लगाए। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया।
समान अवसर और निष्पक्ष जांच की मांग
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में सभी को समान अवसर मिलना चाहिए तथा योग्यता और संविधान प्रदत्त अधिकारों के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने सामान्य एवं सवर्ण वर्ग के लोगों के साथ कथित भेदभाव और अन्याय से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में यूजीसी से संबंधित प्रस्तावित अधिनियम अथवा व्यवस्था को तत्काल वापस लेने या उस पर पुनर्विचार शुरू करने की मांग की गई। इसके साथ ही सभी सामाजिक वर्गों के प्रतिनिधियों से संवाद करने तथा नीति लागू करने से पहले प्रभावित वर्गों की आपत्तियों और सुझावों पर विचार करने की मांग रखी गई।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।
