कोटा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को कोटा दौरे पर पहुंचे। कोटा नगर निगम चुनाव के बाद उनके इस दौरे के दौरान एयरपोर्ट पर मंत्रियों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री 80 फीट रोड स्थित निर्माणाधीन भाजपा शहर जिला कार्यालय पहुंचे और भवन के निर्माण कार्य का जायजा लिया।
इसके बाद मुख्यमंत्री बारां रोड स्थित सभागार में आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने कोटा देहात और बूंदी जिले के भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर संवाद किया। बैठक में संगठन की गतिविधियों और चुनाव से जुड़ी तैयारियों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री का कोटा कार्यक्रम पंचायत चुनावों के मद्देनजर कार्यकर्ताओं के साथ सीधे संवाद की श्रृंखला का हिस्सा था।
कार्यक्रम में कोटा के महापौर और उपमहापौर, पार्षद एवं पार्षद प्रत्याशी, विधायक, मंडल और जिला स्तर के पार्टी पदाधिकारी-कार्यकर्ता तथा प्रदेश पदाधिकारी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री के कोटा दौरे का कार्यक्रम एक दिवसीय रखा गया था। इसके बाद उनका झालावाड़ और आगे किशनगढ़ जाने का कार्यक्रम भी निर्धारित था।
