ADVERTISEMENT
ब्रेकिंग न्यूज़
• हाड़ौती अंचल: कोटा में नए रिवरफ्रंट प्रोजेक्ट के लिए 120 करोड़ का अतिरिक्त बजट स्वीकृत • चुनाव आयोग ने आगामी निकाय चुनाव हेतु वोटर लिस्ट अपडेशन की समय सीमा बढ़ाई • राजस्थान बोर्ड परीक्षा 2026 की समय सारिणी घोषित, शिक्षा विभाग की बड़ी तैयारी • टी20 वर्ल्ड कप: भारतीय टीम ने दूसरे मुकाबले में भी दर्ज की धमाकेदार जीत
नागरिक अभिव्यक्ति
होम / शिक्षा / लेख विस्तार
शिक्षा

पिता ने मनरेगा में मजदूरी की, मंडी में ढोया अनाज, अब एक बेटा डॉक्टर तो दूसरा बनेगा इंजीनियर

बिहार के गया के सोनू-मोनू ने कोटा में रहकर एलन से की तैयारी, बेटों के सपनों के लिए पिता ने बेच दी जमीन; सोनू को मेडिकल और मोनू को इंजीनियरिंग में मिली सफलता

संवाददाता
विशेष संवाददाता विशेष रिपोर्टर
अक्षर आकार:
पिता ने मनरेगा में मजदूरी की, मंडी में ढोया अनाज, अब एक बेटा डॉक्टर तो दूसरा बनेगा इंजीनियर
पिता ने मनरेगा में मजदूरी की, मंडी में ढोया अनाज, अब एक बेटा डॉक्टर तो दूसरा बनेगा इंजीनियर
ADVERTISEMENT
खबर शेयर करें:

कोटा। पिता ने कभी मनरेगा में मजदूरी की तो कभी अनाज मंडी में पल्लेदारी कर परिवार का पेट पाला। घर की आर्थिक स्थिति ऐसी थी कि दो वक्त की रोटी जुटाना भी आसान नहीं था। लेकिन पिता ने गरीबी को बेटों के सपनों के रास्ते में नहीं आने दिया। एक बेटे को डॉक्टर और दूसरे को इंजीनियर बनाने के लिए अपनी जमीन तक बेच दी। अब उसी संघर्ष का परिणाम है कि बिहार के गया जिले के सोनू और मोनू की जिंदगी नई दिशा में बढ़ने जा रही है। कोटा में रहकर एलन से तैयारी करने वाले दोनों सगे भाइयों ने मेडिकल और इंजीनियरिंग की प्रवेश परीक्षाओं में सफलता हासिल की है।

गया निवासी मनोज कुमार और रेशमी देवी के बड़े बेटे सोनू राज ने नीट-2026 में 636 अंक हासिल किए। उनका चयन दिल्ली स्थित एम्स-सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (CAPFIMS) में हुआ है। वहीं छोटे भाई मोनू राज ने जेईई-मेन में 93 पर्सेंटाइल हासिल कर बीआईटी मेसरा में केमिकल इंजीनियरिंग ब्रांच में प्रवेश पाया है। दोनों भाइयों ने कोटा में दो साल साथ रहकर एलन से तैयारी की।

बेटों के सपनों के लिए बेच दी जमीन

मोनू ने बताया कि उनके पिता गया की अनाज मंडी में पल्लेदारी करने के साथ कमीशन पर किसानों का अनाज बिकवाने का काम करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं थी। घर चलाने के लिए पिता ने मनरेगा में मजदूरी भी की। मां रेशमी देवी गृहिणी हैं। परिवार के पास दो जमीनें थीं, जिनसे मुश्किल से खाने लायक अनाज पैदा होता था। कुछ फसल बेचकर घर का खर्च चलता था।

मोनू ने बताया कि दसवीं कक्षा में 96 प्रतिशत और बारहवीं में 84.5 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। गया के कई विद्यार्थियों को कोटा जाकर नीट और जेईई की तैयारी करते तथा डॉक्टर-इंजीनियर बनते देखा तो उनके मन में भी बड़े सपने जागे। उन्हीं विद्यार्थियों से कोटा और कोचिंग के बारे में जानकारी लेकर एलन में प्रवेश लिया।

लेकिन कोटा में पढ़ाई का खर्च जुटाना परिवार के लिए बड़ी चुनौती थी। बेटों की पढ़ाई के लिए पिता मनोज कुमार ने अपनी दो जमीनों में से एक बेच दी। यह फैसला आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने बेटों के भविष्य को प्राथमिकता दी।

बीमारी भी नहीं तोड़ सकी हौसला

कोटा में पढ़ाई के दौरान मोनू को कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझना पड़ा। नए वातावरण और मौसम के कारण पहले टायफाइड हुआ। इसके बाद पीलिया की चपेट में आ गए। कई बार दिल की धड़कन असामान्य रूप से तेज हो जाती थी और करीब तीन महीने तक लगातार बुखार भी रहा। इसके बावजूद उन्होंने पढ़ाई नहीं छोड़ी। नियमित कक्षाएं कीं और तैयारी जारी रखी।

अब परिवार के लिए कुछ करने की बारी

सफलता के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। पिता मनोज कुमार का कहना है कि बच्चों की सफलता ने उनकी वर्षों की मेहनत और त्याग को सार्थक कर दिया। कोटा और एलन के शिक्षकों का भी इसमें बड़ा योगदान रहा है। वह कोटा शहर और शिक्षकों के प्रति आभार जताते हैं।

सोनू राज ने कहा कि दोनों भाइयों ने माता-पिता का सपना पूरा करने के लिए दिन-रात मेहनत की। माता-पिता ने हमारे लिए बहुत कुछ किया है, अब हमारी बारी है कि हम परिवार और समाज के लिए कुछ करें। कोटा के पढ़ाई के माहौल ने लक्ष्य हासिल करने में बड़ी मदद की।

एलन के फाउंडर डॉ. नवीन माहेश्वरी ने कहा कि संस्थान का ध्येय प्रतिभाओं को उनका मुकाम हासिल करने में मदद करना है। जब विपरीत परिस्थितियों से आने वाले विद्यार्थी अपने लक्ष्य तक पहुंचते हैं तो यह सामाजिक बदलाव की मिसाल बनता है और दूसरे विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

ADVERTISEMENT
लेखक

विशेष संवाददाता

नागरिक अभिव्यक्ति विशेष डिजिटल रिपोर्टर एवं विश्लेषक।

comment पाठकों की प्रतिक्रिया (Comments)

अपनी राय दर्ज करें: