बूंदी, 20 अक्टूबर। नागर समाज की ओर से दुर्गाष्टमी के अवसर पर हाटकेश्वर भवन में गरबा प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। विशेष चुंदड़ी ड्रेस कोड में सजी महिलाओं और युवतियों ने गरबा और डांडिया की मनोहारी प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। कार्यक्रम में श्रेष्ठ गरबा, डांडिया, गरबा गायन, नियमित गरबा और आकर्षक वेशभूषा सहित विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं का चयन किया गया।
चुंदड़ी की रंग-बिरंगी पोशाकों में सजीं महिलाएं
रविवार को आयोजित अष्टमी उत्सव में समाज की महिलाओं और युवतियों ने रंग-बिरंगी चुंदड़ी पोशाक पहनकर गरबा प्रस्तुतियां दीं। जयपुर से आए गायक अजय नागर ने अपने मधुर गरबा गीतों से उत्सव में चार चांद लगा दिए। उनकी धुनों पर महिलाएं और युवतियां देर रात तक गरबा और डांडिया करती रहीं। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
समाज की महिलाओं ने उत्साह से लिया भाग
गरबा प्रतियोगिता में कुसुम मेहता, पूजा नागर, अलका मेहता, निशा मेहता, हेमा मेहता, सुषमा नागर, मीनाक्षी झा, मोहिता मेहता, नीलम मेहता, वंदना मेहता, प्रीति मेहता, रश्मि ठाकोर, कीर्ति नागर, रजनी मेहता, ललिता झा, शालिनी नागर, शिखा ठाकोर, आकाशी झा, शोभना मेहता, तृषा झा, सीमा झा, कौशांगी झा, ईन्द्रा ठाकोर, उषा ठाकोर, आरती ठाकोर, आरती झा, उषा झा, स्मृति ठाकोर और इशिता ठाकोर सहित समाज की कई महिलाओं और युवतियों ने भाग लिया।
दशहरे पर होगा पुरस्कार वितरण, नवल सागर में गरबा विसर्जन
अलका मेहता ने बताया कि प्रतियोगिता की विभिन्न श्रेणियों में चयनित विजेताओं को विजयादशमी पर आयोजित समापन समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। विजयादशमी के दिन मंगलवार शाम को नवल सागर झील में गरबों का विसर्जन किया जाएगा।
नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी
