बूंदी, 8 अक्टूबर। शिक्षा विभाग के तत्वावधान में बुधवार को बूंदी जिले के राजकीय एवं गैर-राजकीय विद्यालयों में ‘विकसित भारत जन सेवा अभियान’ थीम पर ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का आयोजन किया गया। जिलेभर के विद्यालयों में बैंड-बाजे, ढोल और मंजीरों के साथ विद्यार्थियों ने रैली निकालकर विकसित भारत और विकसित राजस्थान की परिकल्पना का संदेश दिया।
यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण, शिक्षा, नवाचार, विज्ञान एवं तकनीक, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता एवं रुचि विकसित करना रहा।
प्रमुख मार्गों से निकली रैलियां
जिले के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ अभिभावक, एसडीएमसी सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और शिक्षक-शिक्षिकाएं भी यात्रा में शामिल हुए। विद्यालयों से शुरू हुई यात्राएं गांवों और शहरों के प्रमुख मार्गों से होकर निकलीं।
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत जन सेवा अभियान’ की थीम से जुड़े बैनर और स्लोगन लिखी तख्तियां प्रदर्शित कीं। बैंड-बाजे और ढोल-मंजीरों के साथ निकली यात्राओं में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ सहभागिता की।
2.31 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
शिक्षा विभाग के अनुसार जिले के राजकीय एवं गैर-राजकीय विद्यालयों में आयोजित सेवा ज्योति कलश यात्रा में कुल 2 लाख 31 हजार 218 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसके अलावा जिले के करीब 1600 विद्यालयों के 2000 शिक्षक और 1500 अभिभावक भी इस आयोजन में सहभागी बने।
शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को विकसित भारत के निर्माण में शिक्षा, तकनीक, नवाचार, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी की भूमिका से जोड़ने का प्रयास किया गया।
