बूंदी, 5 नवंबर। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी दैनिक जरूरतों को आसान करने के लिए राज्य सरकार कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध करवाएगी। वित्तीय वर्ष 2026-27 की बजट घोषणा के तहत प्रदेश में 25 हजार दिव्यांगजनों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें बूंदी जिले के लिए 540 लाभार्थियों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी अर्पित जैन ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के विशेष योग्यजन निदेशालय जयपुर की ओर से योजना के तहत पात्र दिव्यांगजनों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आगामी 3 दिसंबर 2026 को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर प्रदेश में लाभार्थियों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरित किए जाने प्रस्तावित हैं।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का राजस्थान का मूल निवासी होना अनिवार्य है। इसके साथ ही उसके पास 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता का यूडीआईडी कार्ड होना चाहिए। निर्धारित अन्य पात्रता शर्तें पूरी करने वाले दिव्यांगजन ही योजना के लिए आवेदन कर सकेंगे।
जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी ने पात्र दिव्यांगजनों, उनके परिजनों और संबंधित संस्थाओं से अपील की है कि वे बिना देरी किए ऑनलाइन आवेदन करवाएं, ताकि पात्र लोगों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।
ऐसे करें आवेदन
इच्छुक पात्र आवेदक अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से SJMS DSAP पोर्टल पर जाकर CM Sanyukt Sahayata Anudan Yojana में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
