बूंदी। बूंदी में गुरुवार से 70वीं राज्य स्तरीय उच्च माध्यमिक विद्यालयी 19 वर्ष छात्र हॉकी प्रतियोगिता का आगाज होगा। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय विकास नगर के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन सुबह 10 बजे उच्च माध्यमिक विद्यालय ऑल्ड हाड़ेन्द्रा कॉलेज परिसर में आयोजित समारोह में होगा।
उद्घाटन समारोह में प्रदेश के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बूंदी नगर परिषद के नवनिर्वाचित चेयरमैन भरत शर्मा करेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, पूर्व विधायक अशोक डोगरा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कालूलाल जांगिड़ और जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक अर्चना तंवर एवं प्रतियोगिता संयोजक रविंद्र दाधीच ने बताया कि प्रतियोगिता के उद्घाटन को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से टीमें भाग लेने के लिए बूंदी पहुंच चुकी हैं।
चार खेल मैदानों पर होंगे हॉकी मुकाबले
प्रतियोगिता के सह संयोजक एवं उप प्रधानाचार्य हरिराम मीणा ने बताया कि सभी मुकाबले जिला मुख्यालय के चार खेल मैदानों पर आयोजित किए जाएंगे। इनमें तीन मैदान बूंदी हायर सेकंडरी स्कूल परिसर में तथा एक मैदान पुलिस परेड ग्राउंड में तैयार किया गया है। मैदानों पर खिलाड़ियों की सुविधा और मैच आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।
करीब चार दर्जन टीमें पहुंचीं बूंदी
राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए करीब चार दर्जन टीमें बूंदी पहुंच चुकी हैं। खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था शहर के विभिन्न सरकारी और निजी स्कूलों में की गई है। खिलाड़ियों के आवास एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक शिक्षा शांता कंवर और शारीरिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष शिवराज खींची ने बताया कि सात दिवसीय प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर जिले के शारीरिक शिक्षकों की टीम तैयारियों में जुटी हुई है। आयोजन स्थल, खेल मैदान, खिलाड़ियों के आवास सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित टीमों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय विकास नगर के दीपक कुमार जैन, राकेश कुमार सुहल, मनोज कुमार शर्मा, देवेंद्र सिंह राणावत और दिनेश कुमार मीणा सहित अन्य शिक्षक एवं शारीरिक शिक्षक प्रतियोगिता के सफल आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।
