बूंदी। बूंदी के जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज में मरीजों को बेहतर और सुचारू चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी बूंदी के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन जिलाध्यक्ष डॉ. किशनलाल मीणा, शहर अध्यक्ष रोहन खोसला और महिला जिलाध्यक्ष रुखसाना परवीन की अगुवाई में दिया गया।
ज्ञापन में डॉ. किशनलाल मीणा ने अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर विभिन्न मांगें रखीं। उन्होंने अस्पताल में कार्यरत सभी चिकित्सकों के नाम और पद की स्पष्ट नेमप्लेट लगाने तथा निर्धारित ड्रेस कोड का पालन सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि मरीज और उनके परिजन चिकित्सकों की आसानी से पहचान कर सकें।
उन्होंने अस्पताल परिसर में एक बड़ी सूचना पट्टी लगाने की भी मांग की, जिसमें सभी चिकित्सकों के नाम, पद, विशेषज्ञता और संबंधित विभागों की जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध हो।
निजी लैब में जांच के लिए निर्देश नहीं देने की मांग
आप पदाधिकारियों ने मांग की कि चिकित्सकों द्वारा मरीजों को किसी विशेष निजी लैब में जांच कराने के लिए निर्देशित नहीं किया जाए तथा राजकीय अस्पताल में उपलब्ध सभी जांच सुविधाओं का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
ज्ञापन में मेडिकल कॉलेज बूंदी में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मरीजों को दिलाने और बाहर रेफर करने की प्रक्रिया की समीक्षा करने की मांग भी की गई। पार्टी ने प्रत्येक रेफरल के पीछे उचित चिकित्सकीय कारण दर्ज करने की व्यवस्था करने की मांग रखी।
अस्पताल के शौचालयों की सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग
ज्ञापन में अस्पताल के शौचालयों की सफाई व्यवस्था पर भी ध्यान देने की मांग की गई। नियमित सफाई, पानी और स्वच्छता की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा निगरानी के लिए जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी नियुक्त करने की मांग रखी गई।
पार्टी पदाधिकारियों ने प्रसूताओं से संबंधित मामलों में लापरवाही होने पर शीघ्र जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर, पारदर्शी और सुचारू चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होना जरूरी है।
ज्ञापन के दौरान दिनेश गौस्वामी, एडवोकेट ओमप्रकाश, भवानीशंकर, देवराज जांगिड़, भूमिक, ट्रेलर, उरूज, कैसर, कुणाल सैनी, रमन, काजल शर्मा, नीलम शर्मा, प्रिया गुर्जर, दीपक सैनी, विपुल शर्मा, अलमास सहित पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे
