बून्दी। पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ओल्ड हाडेन्द्रा कॉलेज, बून्दी में ‘आपणी लाड़ो’ कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं को शिक्षा, आत्मविश्वास, जागरूकता एवं व्यक्तित्व विकास के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाली छात्राओं को विद्यालय परिवार की ओर से बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस अवसर पर विद्यालय के उप प्राचार्य ओम प्रकाश वर्मा ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बालिकाओं को शिक्षा के साथ-साथ प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के समान अवसर मिलना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को निरंतर मेहनत करते हुए अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में पीएम प्रभारी रमेश गुर्जर, आपणी लाड़ो कार्यक्रम प्रभारी कौशल शर्मा, प्रभा छापरवाल, राम लक्ष्मण वर्मा, प्रदीप गुप्ता, विनोद सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का आयोजन बालिकाओं के सर्वांगीण विकास एवं उन्हें प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा।
