बूंदी। अंथड़ा लालपुरा में शुक्रवार सुबह ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर गहरे खड्डे में गिरने के बाद ग्रामीणों ने भारी वाहनों की आवाजाही के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। मौके पर शुरू हुआ धरना रातभर जारी रहा। शनिवार को भी ग्रामीण मांगों पर अड़े रहे और नजदीकी फैक्ट्री में आने-जाने वाले ट्रकों को रोक दिया।
ट्रक रोके जाने से मार्ग पर भारी वाहनों की कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आमजन और आवश्यक सेवाओं के वाहनों के लिए रास्ता खुला रखा गया है। विरोध केवल फैक्ट्री में आने-जाने वाले भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर है।
ग्रामीणों ने मांग की कि क्षेत्र में भारी वाहनों के आवागमन का समय निर्धारित किया जाए। ट्रकों को केवल रात 11 बजे से तड़के तक आने-जाने की अनुमति मिले तथा दिन और सुबह के समय इनके प्रवेश पर रोक लगाई जाए। ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों की आवाजाही से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। सुरक्षित आवागमन के लिए प्रशासन और फैक्ट्री प्रबंधन को ठोस व्यवस्था करनी होगी।
धरने में आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। किसान कन्हैयालाल, मिथुन, प्रेमशंकर, सत्यनारायण, भारत, धर्मराज, अवधेश, भैरूलाल, पप्पू, रामराज, पवन शर्मा और भंवरलाल सहित अन्य ग्रामीण प्रदर्शन में शामिल रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रशासन या फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से मांगों पर ठोस निर्णय होने तक धरना जारी रहेगा।
