नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी
बूंदी के ऐतिहासिक आजाद पार्क में आयोजित रामलीला के तीसरे दिन मंगलवार को धनुष यज्ञ, सीता स्वयंवर और लक्ष्मण-परशुराम संवाद के मंचन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों के सशक्त अभिनय और प्रभावशाली संवाद अदायगी से पूरा परिसर राममय हो गया। भगवान श्रीराम द्वारा शिव धनुष भंग करते ही आजाद पार्क जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
रामलीला मंचन में रावण-बाणासुर संवाद के प्रसंग ने भी दर्शकों को बांधे रखा। वहीं, लक्ष्मण-परशुराम संवाद के दौरान कलाकारों के ओजपूर्ण अभिनय और संवाद अदायगी पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया। बड़ी संख्या में लोग रामलीला देखने पहुंचे। अंत में आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला महामंत्री योगेंद्र श्रृंगी रहे, जबकि अध्यक्षता पूर्व जिला प्रमुख राकेश बोयत ने की। विशिष्ट अतिथि भाजपा शहर प्रवक्ता अभिषेक जैन और सोशल मीडिया सहसंयोजक कपिल मीणा रहे। महोत्सव समिति अध्यक्ष दिलीप सिंह राजावत, राजेंद्र सिंह हाड़ा, मोहन कराड, नरेंद्र गुर्जर और नरेश सैनी ने अतिथियों का माला पहनाकर और साफा बंधवाकर स्वागत किया।
