नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी
बूंदी में बैडमिंटन सीखने के इच्छुक बालक-बालिकाओं के लिए प्रशिक्षण शिविर अब 1 नवंबर से खेल संकुल स्थित बैडमिंटन हॉल में शुरू होगा। जिला बैडमिंटन संघ की ओर से पिछले 18 माह से डिस्ट्रिक्ट क्लब में संचालित निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर को नए स्थान पर स्थानांतरित किया गया है। यहां खिलाड़ियों को बैडमिंटन हॉल का निर्धारित शुल्क स्वयं वहन करना होगा, जबकि बैडमिंटन शटल और कोचिंग की सुविधा संघ की ओर से निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष अजय नुवाल एडवोकेट ने बताया कि संघ पिछले डेढ़ साल से बच्चों को निःशुल्क प्रशिक्षण दे रहा है। उनके अनुसार, पूरे राजस्थान में बूंदी ऐसा जिला है, जहां संघ की ओर से इतने लंबे समय तक बच्चों को निःशुल्क बैडमिंटन प्रशिक्षण उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने बताया कि जिला कलेक्टर एवं डिस्ट्रिक्ट क्लब के अध्यक्ष हरफूल सिंह यादव के निर्देश पर डिस्ट्रिक्ट क्लब के बैडमिंटन हॉल का जीर्णोद्धार करवाया गया और वहां नया मैट कोर्ट स्थापित किया गया है। अब खेल संकुल का बैडमिंटन कोर्ट बच्चों के प्रशिक्षण के लिए उपलब्ध होने के कारण शिविर को वहां स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया है।
शिविर प्रतिदिन शाम 5 से 6 बजे तक संचालित होगा। इसमें पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर केवल 12 बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा। प्रशिक्षण की जिम्मेदारी संघ के कोच मुकेश दाधीच, दीपिका पाराशर और आशीष गुप्ता संभालेंगे। खिलाड़ियों के लिए नॉन-मार्किंग शूज पहनकर आना और उचित खेल किट में उपस्थित होना अनिवार्य रहेगा।
संघ के कोच मुकेश दाधीच ने बताया कि प्रशिक्षण लेने के इच्छुक बालक-बालिकाएं प्रवेश प्रक्रिया के लिए सहायक कोच आशीष गुप्ता से संपर्क कर सकते हैं। सीमित सीटों को देखते हुए इच्छुक खिलाड़ियों से शीघ्र पंजीकरण कराने की अपील की गई है।
