बूंदी, 6 नवंबर। शहर के बालचंद पाड़ा क्षेत्र में शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बालचंद पाड़ा के तत्वावधान में मनोहर बावड़ी स्थित अग्रवालों के नोहरा में लगे शिविर में 92 मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला। चिकित्सकों ने मरीजों और गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया तथा निशुल्क दवाइयां वितरित कीं।
शिविर में डॉ. मोहन लाल वर्मा और डॉ. ओपी वर्मा ने मरीजों की जांच की। इस दौरान विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण भी किए गए। चिकित्सा टीम ने लोगों को स्वास्थ्य विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। टीबी मुक्त भारत अभियान और तंबाकू मुक्त अभियान के तहत आईईसी गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
शिविर में हेल्थ मैनेजर संदीप तेजस्वी, नर्सिंग ऑफिसर यश सक्सेना, एएनएम सुनीता शर्मा, गुंजन बचनानी एवं अलीजा, लैब टेक्नीशियन ओमप्रकाश, सहायक कर्मी राधेश्याम सिसोदिया तथा आशा सहयोगिनी मंजू सोनी ने सेवाएं दीं।
