बूंदी। उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत वर्ष 2026-27 का प्रथम बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता असेसमेंट टेस्ट रविवार, 4 अक्टूबर को जिलेभर में आयोजित किया जाएगा। परीक्षा में करीब 35 हजार असाक्षर परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसके लिए जिले में 600 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
जिला साक्षरता एवं सतत शिक्षा अधिकारी योगेश कुमार शर्मा ने बताया कि परीक्षा के शांतिपूर्ण और सुचारू संचालन के लिए शिक्षा विभाग की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
ब्लॉकवार प्रश्न-पत्र वितरित
सहायक परियोजना अधिकारी अंकित गौतम ने बताया कि ब्लॉकवार प्रश्न-पत्र संबंधित पीईईओ/यूसीईईओ को वितरित कर दिए गए हैं। इन्हें परीक्षा के लिए नोडल प्रभारी नियुक्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रत्येक ब्लॉक में एक आदर्श परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा, जहां परीक्षार्थियों के स्वागत के लिए विशेष नवाचार किया जाएगा।
श्रमिक परीक्षार्थियों को मिलेगा सवैतनिक अवकाश
श्रम विभाग कार्यालय के प्रतिनिधि शिवराज शर्मा ने बताया कि परीक्षा में शामिल होने वाले पंजीकृत श्रमिकों के लिए सवैतनिक अवकाश के आदेश सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों को जारी किए जा चुके हैं। परीक्षा में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए साक्षरता प्रभारी शिक्षकों और स्वयंसेवकों को विशेष निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा के संचालन में स्काउट-गाइड, एनएसएस, एनसीसी कैडेट्स और स्वयंसेवी संस्थाएं भी सहयोग करेंगी।
निगरानी के लिए नियंत्रण कक्ष और उड़नदस्ते
परीक्षा में पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के लिए ब्लॉक एवं जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही परीक्षा की निगरानी के लिए जिला स्तर पर उड़नदस्तों का गठन किया गया है। विभाग की ओर से परीक्षा प्रक्रिया पर निगरानी रखते हुए इसे व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की तैयारी की गई है।
