बूंदी। दीपावली का त्योहार जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों का उजाला लाने का भी अवसर है। इसी भावना के साथ भारतीय जैन संघटना, बूंदी ने स्थानीय टैगोर आश्रय गृह में विशेष बच्चों के साथ दीपावली मनाई। 'दीपावली की खुशियां, अपनों के संग' थीम पर आयोजित कार्यक्रम में संस्था के सदस्यों ने बच्चों के साथ समय बिताया और त्योहार की खुशियां साझा कीं। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को स्नेह, अपनापन और खुशियों का अहसास कराना रहा।
प्रोजेक्ट डायरेक्टर संजय-तनुज कोटिया एवं नरोत्तम-मधु जैन ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के जीवन में खुशियों के रंग भरने का प्रयास किया गया। भारतीय जैन संघटना के अध्यक्ष प्रदीप हरसौरा ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और रोशनी करने का पर्व नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों का नया दीप जलाने का भी अवसर है। इसी सोच के साथ संस्था ने विशेष बच्चों के बीच यह आयोजन किया।
कार्यक्रम में संस्था पदाधिकारियों ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक और सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष पारस-गुणमाला छाबड़ा, कार्याध्यक्ष प्रकाश महात्मा, महिला अध्यक्ष सुमन कासलीवाल, महिला महामंत्री बबीता गंगवाल और अनीता सबदरा मौजूद रहे। आयोजन में प्रद्युम्न-कमलेश कासलीवाल, रमेश-संध्या जैन, रॉबिन कासलीवाल तथा टैगोर आश्रय गृह के सुरेंद्र सैनी ने अपनी टीम के साथ सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का संचालन अनीता हरसोरा ने किया।
