नागरिक अभिव्यक्ति @ बूंदी
बूंदी, 26 अक्टूबर। बालचंदपाड़ा स्थित बीजासन माताजी के नवरात्रा महोत्सव के समापन पर रविवार को कंकाली माताजी चौक में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें करीब पांच हजार श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। आयोजन के दौरान नगर परिषद सभापति भरत शर्मा का अभिनंदन किया गया। भजन संध्या में कलाकारों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर परिषद सभापति भरत शर्मा का बीजासन माता समिति के पीयूष पाचक, ज्योति पंचोली, कौशल सैनी और रामप्रकाश सैनी ने साफा बांधकर, माल्यार्पण कर और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर सभापति भरत शर्मा ने कहा कि स्थापना के साथ ही भूमि पर विकास कार्य शुरू कर दिए गए हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं को बूंदी के विकास के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। समारोह की अध्यक्षता कर रहे वार्ड पार्षद रोहित बैरागी ने भी संबोधित किया।
नवरात्रा महोत्सव के समापन पर आयोजित भजन संध्या में देवराज, कैलाश चौपदार और लखन लकी ने भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। कार्यक्रम का संचालन पीयूष पाचक ने किया।
