ADVERTISEMENT
ब्रेकिंग न्यूज़
• हाड़ौती अंचल: कोटा में नए रिवरफ्रंट प्रोजेक्ट के लिए 120 करोड़ का अतिरिक्त बजट स्वीकृत • चुनाव आयोग ने आगामी निकाय चुनाव हेतु वोटर लिस्ट अपडेशन की समय सीमा बढ़ाई • राजस्थान बोर्ड परीक्षा 2026 की समय सारिणी घोषित, शिक्षा विभाग की बड़ी तैयारी • टी20 वर्ल्ड कप: भारतीय टीम ने दूसरे मुकाबले में भी दर्ज की धमाकेदार जीत
नागरिक अभिव्यक्ति
होम / शहर / लेख विस्तार
शहर

बूंदी में उत्साह से निकली मां बीजासन के नेजे की सवारी, 5 लाख रुपए के नोटों से हुआ महालक्ष्मी स्वरूप में श्रृंगार

नवल सागर झील में विधि-विधान से ठंडा किया नेजा, 30 वर्षों के छायाचित्रों की प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

संवाददाता
विशेष संवाददाता विशेष रिपोर्टर
अक्षर आकार:
बूंदी में उत्साह से निकली मां बीजासन के नेजे की सवारी, 5 लाख रुपए के नोटों से हुआ महालक्ष्मी स्वरूप में श्रृंगार
बूंदी में उत्साह से निकली मां बीजासन के नेजे की सवारी, 5 लाख रुपए के नोटों से हुआ महालक्ष्मी स्वरूप में श्रृंगार
ADVERTISEMENT
खबर शेयर करें:

बूंदी। बालचंद पाड़ा स्थित सिद्धपीठ बीजासन माता मंदिर में नवरात्र के अवसर पर धार्मिक आयोजनों की धूम रही। महानवमी के अवसर पर सोमवार को मां बीजासन के नेजे की सवारी निकाली गई। सवारी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और माता के जयकारों से शहर का माहौल भक्तिमय हो गया। इससे पहले दुर्गा अष्टमी पर माता रानी का महालक्ष्मी स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया गया था। इस दौरान पांच लाख रुपए के असली नोटों से किए गए श्रृंगार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।

नवल सागर झील पहुंची नेजे की सवारी

महानवमी पर सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे बालचंद पाड़ा स्थित सिद्धपीठ बीजासन माता मंदिर से नेजे की सवारी रवाना हुई। सवारी माताजी के चौक से शुरू होकर चंद्र गणेश जी, हीरामन जी का चौक और अभय नाथ महादेव होते हुए नवल सागर झील पहुंची। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने नेजे का स्वागत किया। सैकड़ों लोग माता के जयकारे लगाते हुए सवारी के साथ चले।

सवारी के दौरान ढोल-नगाड़ों की थाप पर घोड़ों ने विभिन्न करतब दिखाए। इन्हें देखने के लिए मार्ग में लोगों की भीड़ जुटी रही। नवल सागर झील पहुंचने पर धार्मिक परंपरा के अनुसार विधि-विधान से नेजे को ठंडा किया गया।

पांच लाख रुपए के नोटों से किया महालक्ष्मी स्वरूप में श्रृंगार

दुर्गा अष्टमी के अवसर पर बीजासन माता मंदिर में माता रानी का महालक्ष्मी स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया गया।

इस दौरान पांच लाख रुपए की राशि के असली नोटों से माता का श्रृंगार किया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। माता के दर्शन के लिए मंदिर में भक्तों की कतारें लगी रहीं। विशेष आयोजन के चलते पूरे क्षेत्र को सजाया गया था।

30 वर्षों के छायाचित्रों में दिखे माता के विभिन्न स्वरूप

नवरात्र उत्सव के दौरान मंदिर परिसर में माता के पिछले तीन दशकों के विभिन्न स्वरूपों के छायाचित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। छायाकार पीयूष पाचक द्वारा पिछले 30 वर्षों में कैमरे में कैद किए गए चित्रों के माध्यम से श्रद्धालुओं को माता के अलग-अलग स्वरूपों के दर्शन करने का अवसर मिला। प्रदर्शनी को देखने के लिए भी भक्त पहुंचे। शाम को आयोजित महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

आज सजेगी छप्पन भोग की झांकी

धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला में मंगलवार को मंदिर में माता की छप्पन भोग की झांकी सजाई जाएगी। रात में भजन संध्या, गरबा आयोजन और रात्रि जागरण होगा। इसके बाद माताजी के पाट उठाने की परंपरा निभाई जाएगी और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। नवरात्र के इन आयोजनों में शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

ADVERTISEMENT
लेखक

विशेष संवाददाता

नागरिक अभिव्यक्ति विशेष डिजिटल रिपोर्टर एवं विश्लेषक।

comment पाठकों की प्रतिक्रिया (Comments)

अपनी राय दर्ज करें: