बूंदी। ग्रामीण क्षेत्रों में लंबित जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के लिए जिले की सभी ग्राम पंचायतों में शनिवार, 19 सितंबर से विशेष शिविर लगेंगे। शिविर 25 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह 9:30 से शाम छह बजे तक आयोजित होंगे। जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव ने सभी पात्र व्यक्तियों को प्रमाण पत्र जारी करने और अनावश्यक देरी नहीं करने के निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार को तैयारियों की समीक्षा बैठक में कलक्टर ने कहा कि विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अध्ययनरत सभी विद्यार्थियों के जन्म प्रमाण पत्र बनवाने की जिम्मेदारी संबंधित संस्था प्रधान की होगी। इसमें लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने घर-घर सर्वे की प्रगति बढ़ाने और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। शिविरों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए बैनर, पम्पलेट सहित अन्य माध्यमों से प्रचार करने को कहा। शिविर स्थलों पर छाया, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
आवेदनों का रोज होगा सत्यापन
शिविरों में प्राप्त आवेदन ग्राम विकास अधिकारी और पटवारी प्रतिदिन संबंधित तहसीलदार के समक्ष प्रस्तुत कर सत्यापित करवाएंगे, ताकि अगले दिन प्रमाण पत्र जारी किए जा सकें। कलक्टर ने अनुज्ञा प्रमाण पत्र जारी करने में भी अनावश्यक विलंब नहीं करने को कहा।
बैठक में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी चारू, अतिरिक्त जिला कलक्टर सीलिंग रमेश देव, एसीईओ मज़हर इमाम, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अर्चना तंवर और महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशक रिचा चतुर्वेदी सहित अधिकारी उपस्थित रहे। उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार और विकास अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े।
