ADVERTISEMENT
ब्रेकिंग न्यूज़
• हाड़ौती अंचल: कोटा में नए रिवरफ्रंट प्रोजेक्ट के लिए 120 करोड़ का अतिरिक्त बजट स्वीकृत • चुनाव आयोग ने आगामी निकाय चुनाव हेतु वोटर लिस्ट अपडेशन की समय सीमा बढ़ाई • राजस्थान बोर्ड परीक्षा 2026 की समय सारिणी घोषित, शिक्षा विभाग की बड़ी तैयारी • टी20 वर्ल्ड कप: भारतीय टीम ने दूसरे मुकाबले में भी दर्ज की धमाकेदार जीत
नागरिक अभिव्यक्ति
होम / ताजा खबर / लेख विस्तार
ताजा खबर

स्वस्थ जीवन और प्रकृति से जुड़ाव ही स्वस्थ समाज की नींव

बूंदी में ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह शुरू, योग शिविर और जागरूकता रैली से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश योग साधकों और राज्य स्तरीय प्रतिभाओं का सम्मान, नशामुक्ति व प्लास्टिक का उपयोग घटाने का संकल्प

संवाददाता
विशेष संवाददाता विशेष रिपोर्टर
अक्षर आकार:
स्वस्थ जीवन और प्रकृति से जुड़ाव ही स्वस्थ समाज की नींव
स्वस्थ जीवन और प्रकृति से जुड़ाव ही स्वस्थ समाज की नींव
ADVERTISEMENT
खबर शेयर करें:

नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी

बूंदी, 1 नवंबर। स्वस्थ शरीर, शांत मन और प्रकृति के साथ संतुलित जीवन ही स्वस्थ समाज की बुनियाद है। इसी संदेश के साथ रविवार को जिला प्रशासन और आयुर्वेद विभाग के संयुक्त तत्वावधान में खेल संकुल में ‘ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह’ की शुरुआत हुई। मिशन लाइफ के तहत आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में योग शिविर, जनजागरूकता रैली और विचार-विमर्श के माध्यम से स्वास्थ्य, प्राकृतिक जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। आयोजन में आमजन, खिलाड़ियों और योग साधकों ने उत्साह से भाग लिया।

कार्यक्रम में नोडल अधिकारी एवं उपवन संरक्षक डॉ. ए.एन. गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। इसके लिए संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग और प्रकृति के अनुकूल जीवनशैली अपनाना जरूरी है। राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी अशोक कुमार जेलिया ने स्वच्छता में जनभागीदारी बढ़ाने और प्लास्टिक का उपयोग कम करने की अपील की। आयुर्वेद विभाग की उपनिदेशक डॉ. विजया जैन ने योग और आयुर्वेद को प्राकृतिक दिनचर्या का आधार बताया। जिला खेल अधिकारी हर्षवर्धन सिंह चुंडावत ने युवाओं से शारीरिक और मानसिक विकास के लिए खेलों से जुड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन पीएमओ एवं पंचकर्म विशेषज्ञ डॉ. सुनील कुशवाह ने किया। उन्होंने ‘योग फॉर निरोगी बूंदी’ का संदेश देते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और विचारों के बीच संतुलन स्थापित करने वाली जीवन पद्धति है। इस दौरान उपस्थित लोगों ने नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

आयोजन में श्रीजी योगशाला की ओर से योगासन खेलों में राज्य स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले विशाल गुर्जर, प्रांशु सिंह, दृष्टि, राहुल शर्मा, काव्या, लवांशी, तनवीर चौपदार और परमवीर लठवाल को अतिथियों ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

विशेष योग सत्र में प्रतिभागियों को प्राणायाम, कपालभाति, अनुलोम-विलोम सहित खड़े और बैठकर किए जाने वाले विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया गया। इसमें योग एवं प्राकृतिक चिकित्साधिकारी डॉ. विमला परमार, योग प्रशिक्षक भूपेन्द्र योगी, हार्टफुलनेस से चाँदनी वरयानी, चारु अग्रवाल और डॉ. सरला कुशवाह सहित खिलाड़ी एवं नियमित योगाभ्यासी शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से शहरवासियों को पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

ADVERTISEMENT
लेखक

विशेष संवाददाता

नागरिक अभिव्यक्ति विशेष डिजिटल रिपोर्टर एवं विश्लेषक।

comment पाठकों की प्रतिक्रिया (Comments)

अपनी राय दर्ज करें: