बूंदी। जिला परिषद स्थित कक्ष में सोमवार को मुख्य कार्यकारी अधिकारी चारू शंकर की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा संचालित जल संचय जनभागीदारी (कैच द रेन 2026) अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में जल संचय से जुड़े कार्यों की प्रगति और निर्धारित लक्ष्यों को लेकर विभागवार समीक्षा की गई।
बैठक में जल संचय एवं जनभागीदारी अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सीईओ चारू शंकर ने सभी संबंधित विभागों को जियो-टैगिंग के लिए तीन दिवस के भीतर विस्तृत एक्शन प्लान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यों की प्रगति की नियमित निगरानी की जा सके और निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य हासिल हों।
उन्होंने अभियान के तहत वर्तमान में प्रगतिरत सभी विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही कार्य पूर्ण होने के बाद संबंधित जानकारी को पोर्टल पर समयबद्ध तरीके से अपलोड करने पर जोर दिया।
बैठक में जलग्रहण एवं भू-संसाधन विभाग, वन विभाग और पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के द्वितीय एवं तृतीय चरण के तहत पूर्ण कराए गए कार्यों के प्रमाण-पत्र निर्धारित समय-सीमा में पोर्टल पर अपलोड करवाने के निर्देश भी दिए गए।
समीक्षा बैठक में जलग्रहण एवं भू-संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता जसराम, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग बूंदी के एसई एस.के. शर्मा, लाखेरी के अधिशासी अभियंता सोमेश मेहरा, जिला परिषद के अधीक्षण अभियंता प्रियवृत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। पंचायत समितियों के विकास अधिकारी, नगर परिषद बूंदी के आयुक्त तथा जिले की नगर पालिकाओं के अधिशासी अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
