बूंदी, 13 अक्टूबर | नागरिक अभिव्यक्ति। नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 12 अक्टूबर को केंद्रीय कारागार, बूंदी में गुरुदेव सियाग सिद्धयोग एवं ध्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। अध्यात्म विज्ञान सत्संग केंद्र, जोधपुर शाखा कोटा की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 125 कैदी बंधुओं ने भाग लिया।
रामलाल मालव ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान कैदियों को गुरुदेव सियाग की वाणी और संजीवनी मंत्र सुनाया गया। इसके बाद सभी को 15 मिनट तक सामूहिक ध्यान करवाया गया। आयोजन का उद्देश्य ध्यान और आध्यात्मिक गतिविधियों के माध्यम से नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
नशामुक्त रहकर सशक्त राष्ट्र बनाने का आह्वान
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बूंदी के सचिव मुकेश परनामी ने कैदी बंधुओं को नशे से दूर रहने और समाज व राष्ट्र के निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने नशामुक्त जीवन अपनाने के महत्व पर जोर दिया।
जेल प्रशासन और संस्था के सदस्य रहे मौजूद
कार्यक्रम के समापन पर जेलर मानसिंह ने आयोजकों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्था की ओर से सुरेश कुमार शर्मा, राकेश खंडेलवाल और कौशल किशोर प्रजापति मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने जीवन में सिद्धयोग और ध्यान को अपनाने तथा भारत को नशामुक्त और सशक्त राष्ट्र बनाने की दिशा में प्रयास करने का संकल्प लिया।
