नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी
जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी चारु शंकर ने गुरुवार को पंचायत समिति हिंडोली की ग्राम पंचायत ठीकरदा का औचक निरीक्षण कर विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य समय सीमा में और निर्धारित गुणवत्ता के साथ पूरे कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान चारु शंकर ने विकसित भारत-जी राम जी, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न ग्रामीण विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए, ताकि सरकारी योजनाओं का फायदा जरूरतमंदों तक पहुंच सके।
उन्होंने गांव में स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था और जलभराव की स्थिति का जायजा लेते हुए पंचायत प्रतिनिधियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत कार्यालय में रिकॉर्ड, उपस्थिति रजिस्टर और फाइलों की जांच कर दस्तावेजों को नियमित रूप से अद्यतन रखने के लिए भी पाबंद किया।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पारदर्शिता के साथ पहुंचना चाहिए। विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
