बूंदी। राष्ट्रीय चंबल घड़ियाल अभयारण्य में अवैध बजरी खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। गुरुवार को जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव और पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने केशोरायपाटन उपखंड क्षेत्र के बीरज और रोटेदा मंडावरा पुलिया पर पहुंचकर अवैध खनन की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने और निगरानी तंत्र को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
संवेदनशील स्थलों पर बढ़ेगी निगरानी
जिला कलक्टर ने कहा कि चंबल अभयारण्य में अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मौके पर तैनात कर्मचारियों से जमीनी स्थिति और कार्य के दौरान सामने आ रही चुनौतियों की जानकारी ली।
साथ ही तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने और संबंधित विभागों के बीच समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया।
उन्होंने निर्देश दिए कि अभयारण्य के संवेदनशील स्थलों पर निगरानी कैमरे लगाने का काम तेजी से पूरा किया जाए। फील्ड में गश्त करने वाले स्थायी वनकर्मियों को बॉडी-वियर कैमरों से लैस किया जाए, ताकि कार्रवाई में पारदर्शिता बनी रहे और गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
परिवहन मार्गों पर बैरियर लगाने के निर्देश
जिला कलक्टर ने बजरी परिवहन के संभावित मार्गों पर बैरियर लगाने और चौकियों के माध्यम से संदिग्ध वाहनों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मैदानी कर्मचारियों के साथ संबंधित विभागों की फ्लाइंग टीमें भी लगातार गश्त करें। अवैध खनन की रोकथाम के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बीरज में चौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने बीरज गांव में चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने अतिक्रमण, आवारा पशुओं, पेयजल व्यवस्था, राजकीय विद्यालय में कक्षों की संख्या बढ़ाने, चिकित्सा शिविर आयोजित करने, बिजली संबंधी समस्याओं और रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए।
जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने बीरज से डोलर जाने वाले मार्ग पर झाड़ियों की सफाई कराने के लिए भी निर्देशित किया, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी नहीं हो।
इस दौरान उपखंड अधिकारी केशोरायपाटन जगदीश प्रसाद, पुलिस उप अधीक्षक आलोक, तहसीलदार मंजूर अली दीवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
