नागरिक अभिव्यक्ति @ बूंदी
बूंदी। शहर के व्यस्त नैनवां रोड स्थित बहादुर सिंह सर्किल पर नगर परिषद ने कार्रवाई करते हुए बहुमंजिला व्यावसायिक इमारत ‘द सिटी सेंटर’ को सीज कर दिया। नगर परिषद प्रशासन के अनुसार, भवन का निर्माण आवश्यक वैधानिक स्वीकृति और भवन निर्माण अनुमति के बिना किया जा रहा था। शिकायतें मिलने के बाद दस्तावेजों की जांच की गई। इसके बाद आयुक्त के नेतृत्व में राजस्व एवं अतिक्रमण निरोधक टीम पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य रुकवाकर इमारत को सील करने की कार्रवाई की।
स्वीकृत नक्शा नहीं मिलने पर कार्रवाई
नगर परिषद से मिली जानकारी के अनुसार, बहादुर सिंह सर्किल के पास ‘द सिटी सेंटर’ नाम से व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण चल रहा था। निर्माण को लेकर शिकायतें मिलने पर परिषद ने भवन से संबंधित स्वीकृति दस्तावेजों की जांच की। परिषद के अधिकारियों के अनुसार, निर्माण के लिए आवश्यक अनुमति और नियमानुसार स्वीकृत नक्शा उपलब्ध नहीं पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयुक्त ने कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर भवन को सीज कर दिया।
नियमों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई
नगर परिषद आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर में बिना निर्माण स्वीकृति और नक्शा पास कराए भवन बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त ने अवैध रूप से कॉलोनियां विकसित करने वालों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि नियमानुसार अनुमति के बिना कॉलोनी काटने या निर्माण कार्य कराने पर संबंधित कॉलोनाइजरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर परिषद प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि भवन निर्माण या कॉलोनी विकसित करने से पहले जरूरी स्वीकृतियां प्राप्त करें और नियमों का पालन करें। परिषद ने कहा कि शहर के व्यवस्थित विकास के लिए आमजन का सहयोग जरूरी है और नियम विरुद्ध निर्माण के मामलों में आगे भी सीजिंग सहित वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
