नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी
बूंदी। शहर में सफाई, यातायात और अतिक्रमण की बिगड़ती व्यवस्थाओं को लेकर सोमवार सुबह जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव और नगर परिषद सभापति भरत शर्मा प्रशासनिक अमले के साथ सड़क पर उतरे। दोनों ने पुरानी सब्जी मंडी से लेकर नागर सागर कुंड, सब्जी मंडी रोड, कोटा रोड और इंदिरा मार्केट तक पैदल निरीक्षण कर सफाई, कचरा संग्रहण, नालियों और सड़क किनारे अतिक्रमण की स्थिति देखी।
पुरानी सब्जी मंडी की स्थिति पर अधिकारियों ने असंतोष जताते हुए इसके पुनर्विकास के निर्देश दिए। नगर परिषद के अभियांत्रिक विंग को मंडी के पुनर्निर्माण की कार्रवाई शुरू करने को कहा गया, ताकि यहां व्यापारियों और आमजन के लिए बेहतर व्यवस्था बन सके।
इसके बाद रानी जी की बावड़ी के प्रवेश द्वार का निरीक्षण किया गया। यहां फूल-माला विक्रेताओं और अस्थाई दुकानदारों से बातचीत कर उन्हें निर्धारित सीमा में दुकानें लगाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऐतिहासिक धरोहरों की सुंदरता और यातायात प्रभावित नहीं होना चाहिए।
नागर सागर कुंड क्षेत्र में थड़ी-ठेले संचालकों को रात में दुकानें समेटने के बाद सामान, ठेले और तिरपाल साथ ले जाने के निर्देश दिए गए। सड़क या कुंड परिसर में सामान छोड़ने पर नगर परिषद द्वारा जब्ती और नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई। आजाद पार्क के पीछे चौपाटी बाजार के निरीक्षण में भी निर्धारित समय-सारणी का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर और सभापति ने नगर परिषद को सात दिन में शहर की सफाई, नाली सफाई, कचरा निस्तारण और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। चिन्हित कचरा डिपो और सेकेंडरी पॉइंट से सुबह नियमित कचरा उठाने को भी कहा गया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त बृजेश रॉय, मुख्य सफाई निरीक्षक राजकुमार सांगेला, सफाई निरीक्षक सुरेंद्र तंबोली सहित नगर परिषद के अधिकारी मौजूद रहे।
