बूंदी। राजकीय कन्या महाविद्यालय बूंदी में जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्राओं ने उत्साह से भाग लेते हुए जनजातीय समाज की जीवनशैली, लोक संस्कृति, पारंपरिक कलाओं, प्रकृति संरक्षण और जनजातीय महापुरुषों के योगदान पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. चंपा अग्रवाल ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसी रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ उनकी सृजनात्मक क्षमता एवं अभिव्यक्ति कौशल का विकास करती हैं।
भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ की सदस्य योगिता शर्मा ने कहा कि जनजातीय समाज की कला, संस्कृति और परंपराएं भारतीय ज्ञान परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन के लिए नई पीढ़ी को जागरूक करना जरूरी है।
प्रतियोगिता में अंजली वर्मा ने प्रथम, जसप्रीत कौर ने द्वितीय और जैनब फातमा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में मुस्कान गोदीका और मनीलता पंचानोत शामिल रहीं।
