नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी
नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस से निर्वाचित पार्षदों और चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के सम्मान में सभापति पद के कांग्रेस उम्मीदवार टीकम जैन की ओर से नैनवां रोड स्थित एक निजी मैरिज गार्डन में स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि विधायक हरिमोहन शर्मा सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने 20 निर्वाचित पार्षदों और 40 प्रत्याशियों का माला पहनाकर तथा पार्टी का दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत किया। वक्ताओं ने जनप्रतिनिधियों से जनता के विश्वास पर खरा उतरने, वार्डों की समस्याएं उठाने और संगठन की एकजुटता के साथ जनहित में कार्य करने का आह्वान किया।
विधायक हरिमोहन शर्मा ने निर्वाचित पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि वार्ड की जनता ने उन पर और कांग्रेस पार्टी पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी जिम्मेदारी है। पार्षदों को जनता के सुख-दुख में भागीदार बनकर समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद चुनाव में भाजपा ने पुलिस और प्रशासन का भरपूर उपयोग किया, जिसके कारण कांग्रेस के कुछ प्रत्याशियों को बहुत कम मतों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने पराजित प्रत्याशियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि हार-जीत लोकतंत्र का हिस्सा है। चुनाव में हारने के बाद भी प्रत्याशी अपने वार्डों में सक्रिय रहें और जनता की समस्याओं को उठाते रहें।
शर्मा ने बूंदी जिले में प्रसूताओं, व्यापारियों और अन्य लोगों की मौतों से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए चिकित्सा व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इन घटनाओं की जांच के नाम पर प्रशासन लीपापोती कर रहा है तथा चिकित्सा विभाग गंभीर मामलों में अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखा रहा। उन्होंने क्षेत्र में चिकित्सा सेवाओं में सुधार, जवाबदेही तय करने और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता जताई।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य सत्येश शर्मा ने पार्षदों से एकजुट होकर जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वार्डों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने और नागरिकों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए सभी पार्षदों को सजग रहना होगा। नगर परिषद के पूर्व उपसभापति लटूर भाई ने स्वच्छता और साफ-सफाई को प्राथमिकता देने के साथ जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहने की बात कही।
वरिष्ठ पार्षद टीकम जैन ने कहा कि वे कांग्रेस के सभी पार्षदों को साथ लेकर जनसमस्याओं के निराकरण के लिए तत्पर रहेंगे। जनता को बेहतर सुविधाएं दिलाने के लिए सदन और सड़क, दोनों जगह संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेंगे। शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं पार्षद शैलेश सोनी ने कहा कि कांग्रेस पार्षद वार्डों की समस्याओं को नगर परिषद के सदन के अंदर और बाहर मजबूती से उठाएं। जनहित के मुद्दों पर पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी।
समारोह में पार्षद टीकम जैन, मोइनुद्दीन फॉरवर्ड, शैलेश सोनी, निशांत नुवाल, प्रेम शंकर बैरवा, समरीन अंसारी, सगीर मोहम्मद, संपत, ललिता कुमावत, मयंक सुवालका, मोइनुल हसन, लक्ष्मण सैनी, बिमला गुर्जर, मोहसिन बेग, महादेव भील और संगीता एवरग्रीन सहित कांग्रेस प्रत्याशियों एवं चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर तालेड़ा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम शंकर राठौर, पूर्व प्रधान भगवान नुवाल, मंडल अध्यक्ष मनवीर सिंह और अशोक जैन सहित अन्य कांग्रेसजन मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन लोकेश बैरवा ने किया।
समारोह में कांग्रेस नेताओं ने जनसेवा, वार्डों के विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए संगठित होकर काम करने का संदेश दिया।
