बूंदी, 30 सितंबर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से बर्खास्त करने और गिरफ्तार करने की मांग को लेकर मंगलवार को बूंदी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महावीर मीणा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर जिला कलेक्ट्रेट पर विरोध जताया और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला जलाया। यह प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस कमेटी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्धारित कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया।
प्रदर्शन के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता अहिंसा सर्किल पर एकत्रित हुए। यहां से जिला अध्यक्ष महावीर मीणा के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए रैली रवाना हुई। कार्यकर्ताओं के हाथों में कांग्रेस के झंडे और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ लिखी तख्तियां थीं। रैली जिला कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
भाजपा के एजेंट के रूप में काम करने का लगाया आरोप
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष महावीर मीणा ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक विशेष राजनीतिक दल को फायदा पहुंचाने के लिए देशभर में करोड़ों लोगों के नाम मतदाता सूचियों से कटवाए गए हैं। उन्होंने ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से बर्खास्त करने की मांग की।
वहीं, बूंदी जिले के सह प्रभारी एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव वीरेंद्र सिंह झाला ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने निष्पक्षता के बजाय पक्षपातपूर्ण तरीके से काम किया है। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर देश और प्रदेश में आंदोलन कर रही है।
विधायक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में विधायक हरिमोहन शर्मा, जिला कांग्रेस महासचिव इश्तियाक अली, बूंदी ब्लॉक अध्यक्ष रामकरण मीणा, हिंडोली ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मण बैरवा, शहर अध्यक्ष शैलेश सोनी, पीसीसी सदस्य सत्येश शर्मा, जवाहर बाल मंच के प्रदेश समन्वयक राजीवलोचन गौतम, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष जावेद जेड, पार्षद टीकम जैन, अंकित बूलीवाल, मोइनुल हसन, प्रेमशंकर बैरवा, बाबूलाल वर्मा, बृजमोहन यादव, डीसीसी प्रवक्ता कृष्णगोपाल मीणा सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता सुनिश्चित करने तथा मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
