बूंदी। 15 लाख रुपए की साइबर ठगी के मामले में बूंदी साइबर पुलिस ने सात महीने से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी महिपाल भाकल को गिरफ्तार किया है। आरोपी नागौर जिले के मूंडवा थाना क्षेत्र के सोलियाना गांव का निवासी है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से ठगी के इस प्रकरण में वांछित था।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, अपराध शाखा जयपुर के 'वांछित अपराधियों की धरपकड़' अभियान, जो 20 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक चलाया जा रहा है, तथा आईजी कोटा रेंज के 'साइबर शील्ड' अभियान के तहत की गई। एसपी अवनीश कुमार शर्मा के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज की थी।
विशेष टीम ने दबोचा
मामले की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चंपावत और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (त्वरित अनुसंधान निस्तारण दल) अदिति चौधरी के पर्यवेक्षण में की गई। साइबर क्राइम थानाप्रभारी पुलिस निरीक्षक किरदार अहमद के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने लगातार प्रयास करते हुए आरोपी महिपाल भाकल को गिरफ्तार कर लिया। टीम में हेड कांस्टेबल भोजेन्द्र सिंह, दिलीप सिंह, कांस्टेबल रवि और ड्राइवर कांस्टेबल आकाश शामिल रहे।
पुलिस आरोपी से साइबर ठगी की वारदात और उससे जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ठगी की रकम का इस्तेमाल किस तरह किया गया और मामले में अन्य लोग शामिल थे या नहीं।
पुलिस ने आमजन को किया सतर्क
बूंदी साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने निजी दस्तावेज जैसे पैन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड या सिम कार्ड न दें। पुलिस के मुताबिक इन दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल साइबर अपराध में किया जा सकता है और ऐसी स्थिति में संबंधित व्यक्ति को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
पुलिस ने साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल या हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। इसके अलावा नजदीकी पुलिस थाने में भी रिपोर्ट की जा सकती है।
गोपनीय सूचना देने के लिए साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन बूंदी के 24x7 हेल्पलाइन नंबर 8764862409 पर संपर्क किया जा सकता है।
