नागरिक अभिव्यक्ति @ बूंदी
बूंदी। शहर के जेत सागर रोड स्थित दिगंबर जैन नसिया में शरद पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों, भव्य शोभायात्रा और कलश यात्रा में जैन समाज के सैकड़ों महिला-पुरुषों ने भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आया।
महोत्सव की शुरुआत सुबह भगवान के चौबीस महाराज के मंडल विधान की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। दोपहर में भव्य शोभायात्रा और कलश यात्रा निकाली गई। आयोजन के दौरान पांच कलशों की बोलियां लगाई गईं, जिसमें समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अजमेरा परिवार को मिला शांतिधारा का सौभाग्य
धार्मिक कार्यक्रम के तहत नसियाजी की पांडुशिला पर भगवान का जलाभिषेक किया गया और शांतिधारा का आयोजन हुआ। शांतिधारा करने का सौभाग्य संपत कुमार अजमेरा एवं मनीष कुमार अजमेरा परिवार को प्राप्त हुआ। वहीं, माला की बोली राजेश एवं शुभम टोंगिया परिवार के नाम रही।
धार्मिक अनुष्ठानों की पूर्णता के बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसादी वितरित की गई। कार्यक्रम में समाज अध्यक्ष संतोष पाटनी, महामंत्री योगेंद्र कासलीवाल, महोत्सव समिति संयोजक सुनील बाकलीवाल और उप संयोजक रोबिन काजलीवाल सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।
