नागरिक अभिव्यक्ति | बूंदी। जिले में ‘आहत को तत्काल राहत’ कार्ययोजना के तहत आपदा और दुर्घटना की सूचना पर राहत तंत्र अब चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा। जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव के निर्देश पर जिला आपदा राहत नियंत्रण कक्ष में राउंड द क्लॉक ड्यूटी लगाई गई है। किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलते ही संबंधित टीम को तत्काल सक्रिय किया जाएगा।
प्रशासन के अनुसार प्राकृतिक या मानवजनित आपदा, सड़क दुर्घटना, जहरीले जीव-जंतुओं के काटने, जंगली जानवरों के हमले अथवा अन्य आकस्मिक घटनाओं की सूचना आमजन किसी भी समय दे सकते हैं। इसके लिए WhatsApp नंबर 7014500500 तथा लैंडलाइन नंबर 0747-2442305 पर संपर्क किया जा सकता है।
WhatsApp के माध्यम से सूचना देते समय घटना स्थल की फोटो, वीडियो, लाइव लोकेशन और आवश्यक दस्तावेज भी भेजे जा सकेंगे। प्रशासन का मानना है कि इससे घटना की वास्तविक स्थिति की जानकारी राहत दल को पहले ही मिल सकेगी और टीम को मौके तक पहुंचने में तेजी आएगी।
जिले में 8 मई से 30 सितंबर तक आपदा एवं दुर्घटना से संबंधित कुल 83 प्रकरण प्राप्त हुए। इनमें से 60 प्रकरणों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 23 प्रकरण प्रक्रियाधीन हैं।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को राहत कार्यों में तत्परता बरतने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि आपदा या दुर्घटना की स्थिति में बिना देरी किए नियंत्रण कक्ष को सूचना दें, ताकि जरूरतमंदों तक समय पर राहत पहुंचाई जा सके।
