बूंदी। जिला फुटबाल संघ के चुनाव गुरुवार को मीरा गेट स्थित रॉयल होटल में संपन्न हुए। चुनाव में सत्येश शर्मा लगातार दूसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए। वकार अहमद को सचिव और फजलुद्दीन कोषाध्यक्ष चुना गया। संघ के सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
चुनाव प्रक्रिया जिला खेल अधिकारी हर्षवर्धन सिंह, ओलंपिक संघ के पदाधिकारी राम सिंह, निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र भारद्वाज तथा पर्यवेक्षक विजय भान सिंह एवं सुरेंद्र सिंह सोलंकी की मौजूदगी में संपन्न हुई। इस दौरान जिले के विभिन्न फुटबाल क्लबों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। निर्वाचन के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
दूसरी बार अध्यक्ष निर्वाचित होने पर सत्येश शर्मा ने कहा कि जिले में फुटबाल खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। बूंदी की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर उन्हें आगे बढ़ाने के लिए सभी फुटबाल क्लबों और खेल प्रेमियों का सहयोग लिया जाएगा।
सत्येश शर्मा के पुनः अध्यक्ष निर्वाचित होने पर नगर परिषद में नेता प्रतिपक्ष टीकम जैन, शहर कांग्रेस अध्यक्ष शैलेश सोनी, पार्षद विजय सिंह गहलोत, दिनेश, इरफान इलू, मोहसिन बैग, हारून खान और प्रेम एवरग्रीन सहित विभिन्न खेल प्रेमियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
