बूंदी। नगर परिषद सभापति भरत शर्मा ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर विभिन्न वार्डों और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सीटी स्कैन कक्ष, ट्रॉमा वार्ड, आईसीयू, मेडिकल वार्ड, सर्जिकल वार्ड और ब्लड बैंक का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के बाद सभापति शर्मा ने कहा कि पिछले 20 दिनों में जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं में काफी सुधार नजर आया है। उन्होंने अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
ड्रेस कोड और आईडी कार्ड में रहने के निर्देश
मीडिया प्रभारी अभिषेक जैन ने बताया कि सभापति शर्मा ने अस्पताल स्टाफ को निर्देश दिए कि सभी चिकित्सक और कर्मचारी ड्यूटी के दौरान निर्धारित ड्रेस कोड और आईडी कार्ड में ही नजर आएं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों के साथ समान व्यवहार किया जाए और उनका समुचित एवं समय पर उपचार सुनिश्चित हो।
सभापति ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का जिला अस्पताल के कायाकल्प और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं को लेकर जो विजन है, उसे जल्द पूरा करने की दिशा में काम किया जाएगा।
निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश
सभापति शर्मा ने अस्पताल परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का भी अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पीएमओ गोविंद गुप्ता, शहर अध्यक्ष राजकुमार श्रंगी, पूर्व जिला अध्यक्ष कुंज बिहारी बिल्या, पार्षद प्रियंका मुंदड़ा, पेंशु सिंह, तुषार पारीक, दिलीप सिंह, मनोज गोचर, पप्पूलाल बैरवा, आत्माराम, गौरव वर्मा, भोला शंकर गुर्जर, आशीष प्रजापत, चेतन पंचोली, दीपक शर्मा सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।
