नागरिक अभिव्यक्ति | बूंदी, 23 अक्टूबर। जिला मुक्केबाजी संघ बूंदी के तत्वावधान में 25 अक्टूबर 2026 को जिला स्तरीय सीनियर पुरुष एवं महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता और चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। आयोजन शाम 5 बजे हनुमान राष्ट्रीय व्यायामशाला, गणेश बाग, देवपुरा, बूंदी में होगा। इसमें जिले के महिला और पुरुष मुक्केबाज अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
जिला मुक्केबाजी संघ के सचिव विजेंद्र मेघवाल ने बताया कि सीनियर वर्ग की प्रतियोगिता में 1 जनवरी 1986 से 31 दिसंबर 2008 के बीच जन्मे महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता और चयन ट्रायल में प्रदर्शन के आधार पर चयनित खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय सीनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में बूंदी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
महिला और पुरुष वर्ग की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं की तैयारी
सचिव विजेंद्र मेघवाल के अनुसार, चयनित महिला मुक्केबाजों के लिए राज्य स्तरीय सीनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिता 30 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक चौमूं, जयपुर में आयोजित होगी। वहीं, पुरुष वर्ग की राज्य स्तरीय सीनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिता 12 से 14 नवंबर 2026 तक बीकानेर के करणी सिंह स्टेडियम में होगी।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता और चयन ट्रायल खिलाड़ियों के लिए राज्य स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर होगा। संघ की ओर से खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि और समय पर आयोजन स्थल पर पहुंचकर प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की गई है।
