बूंदी। यात्रियों को मंजिल तक पहुंचाने और रोजमर्रा की जरूरतों का सामान ढोने वाले वाहन चालकों के योगदान को बूंदी पुलिस ने सम्मान दिया। चालक गरिमा दिवस-2026 के तहत नगर परिषद सभागार सहित जिले के सभी पुलिस थानों में कार्यक्रम हुए। इनमें चालकों को सम्मानित करने के साथ यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित वाहन चलाने और सड़क पर एक-दूसरे के प्रति शिष्ट व्यवहार का संदेश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि यातायात पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर आयोजन किए गए। उन्होंने वाहन चालकों को सड़क परिवहन व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि उनके पेशे और श्रम का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है। चालक प्रतिदिन यात्रियों, सामान और आवश्यक सेवाओं के परिवहन में योगदान देते हैं। उनके कार्य की गरिमा समझना सुरक्षित परिवहन व्यवस्था के लिए जरूरी है।
सुरक्षा की जिम्मेदारी हर सड़क उपयोगकर्ता की
कार्यक्रम में एसपी शर्मा ने उपस्थित चालकों को सभी सड़क उपयोगकर्ताओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार रखने, सुरक्षा को प्राथमिकता देने और रोड रेज व दुर्व्यवहार के खिलाफ खड़े रहने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल चालकों की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए सड़क का उपयोग करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का सहयोग आवश्यक है। आपसी सम्मान, अनुशासन और नियमों के पालन से दुर्घटनाओं का जोखिम कम किया जा सकता है।
चालकों ने जताई जिम्मेदारी निभाने की प्रतिबद्धता
जिले के विभिन्न स्थानों पर सम्मानित किए गए चालकों ने जिम्मेदारी से वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था में सहयोग देने की शपथ ली। पुलिस ने आमजन से भी अपील की कि सड़क पर धैर्य और संयम बनाए रखें तथा सभी के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें।
