बूंदी, 6 नवंबर। पुराने मोबाइल, कंप्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का घरेलू कचरे में निस्तारण पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। इनमें मौजूद विषैले तत्व मिट्टी, पानी और हवा को प्रदूषित करते हैं। ऐसे में ई-कचरे का सुरक्षित संग्रहण, पुनः उपयोग और वैज्ञानिक तरीके से पुनर्चक्रण जरूरी है। यह बात शुक्रवार को राजकीय महाविद्यालय बूंदी की ओर से आयोजित ऑनलाइन व्याख्यान में विशेषज्ञों ने कही।
कार्यक्रम 'मिशन लाइफ' और 'ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह' के तहत 'ई-कचरे को कम करना' विषय पर आयोजित किया गया।
मुख्य वक्ता राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी अशोक कुमार जेलिया ने ई-कचरे से होने वाली पर्यावरणीय और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के बढ़ते इस्तेमाल के साथ ई-कचरे का सुरक्षित निस्तारण भी बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। इसके उचित प्रबंधन, पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण के लिए सामूहिक सहभागिता जरूरी है।
महाविद्यालय के प्राचार्य राहुल सक्सेना ने कहा कि ई-कचरे में मौजूद हानिकारक पदार्थ मिट्टी, जल और वायु को प्रदूषित कर जैव विविधता को प्रभावित कर रहे हैं। विद्यार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का विवेकपूर्ण उपयोग करने, खराब उपकरणों की मरम्मत कर दोबारा इस्तेमाल करने और ई-कचरे को अधिकृत संग्रहण केंद्रों तक पहुंचाने की आदत अपनानी चाहिए।
वनस्पति शास्त्र के आचार्य डॉ. दिलीप कुमार राठौड़ ने बताया कि ई-कचरे में सीसा, पारा और कैडमियम जैसी विषैली धातुएं होती हैं। उन्होंने बूंदी में जिला स्तरीय ई-कचरा संग्रहण केंद्र स्थापित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने आमजन से पुराने मोबाइल और खराब इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जलाने, फेंकने या घरेलू कबाड़ में बेचने के बजाय अधिकृत केंद्रों पर जमा कराने की अपील की।
कार्यक्रम प्रभारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने ई-कचरे को कम करने को भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने 'रिड्यूस, रीयूज और रीसायकल' के सिद्धांत को जीवनशैली में अपनाने पर जोर दिया। ऑनलाइन व्याख्यान में महाविद्यालय के 40 से अधिक संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने भाग लिया। संचालन डॉ. दिलीप कुमार राठौड़ ने किया।
