बूंदी। दीपावली पर रोशनी के साथ बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जागरूकता का संदेश भी दिया गया। बाल अधिकारिता विभाग, चाइल्ड हेल्पलाइन और सृष्टि सेवा समिति (जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन) की ओर से 6 से 8 नवंबर तक ‘एक दिया-एक संकल्प’ अभियान चलाया गया। इसके तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में दीप प्रज्वलित कर बाल विवाह मुक्त भारत और राजस्थान बनाने का संकल्प लिया गया।
बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक रामराज मीणा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य आमजन को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए सामुदायिक भागीदारी बढ़ाना था। संरक्षण अधिकारी गोविंद गौतम ने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए विभाग लगातार जागरूकता कार्यक्रम और जनसंवाद आयोजित कर रहा है।
रेस्क्यू कोऑर्डिनेटर आसाराम मीणा और चाइल्ड हेल्पलाइन कोऑर्डिनेटर रामनारायण गुर्जर के समन्वय में तालेड़ा, लाखेरी, केशोरायपाटन, दबलाना और हिंडोली सहित विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। फील्ड कोऑर्डिनेटर्स ने लोगों से संपर्क कर दीप जलाए और बाल विवाह के खिलाफ संकल्प दिलाया। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता संदेश अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
इस दौरान डीसीपीयू से दीपिका वशिष्ठ सहित अनिल मीणा, हरिओम गुर्जर, दीपक पाराशर, रुक्मण हाड़ा, रवि गौतम, छोटू कुमारी, महावीर, अजय माल्या, संजय सुमन, योगेश मेघवाल और जयप्रकाश माल्या सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
