नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी
बूंदी। केशोरायपाटन थाना क्षेत्र के गामछ गांव में खेत पर पराली भरने के दौरान हुए हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। ट्रैक्टर से पराली का पूरा ढेर अचानक नीचे गिर गया और उसके नीचे दबने से मजदूर का दम घुट गया। साथी मजदूर उसे बाहर निकालकर अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर कोटा के एमबीएस अस्पताल रेफर किया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
केशोरायपाटन थाने के एसआई संतोष चंद्रावत ने बताया कि मृतक रामदेव भील शंभूपुरा का निवासी था। वह गामछ गांव में कालूलाल के खेत पर पराली भरने के काम में लगा हुआ था। इसी दौरान ट्रैक्टर से पराली का पूरा ढेर अचानक उसके ऊपर आ गिरा। वह पराली के नीचे दब गया और दम घुटने से उसकी हालत गंभीर हो गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और अन्य मजदूरों ने मशक्कत कर उसे पराली के ढेर से बाहर निकाला। पहले उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से कोटा के एमबीएस अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
