बूंदी, 2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को बूंदी कलेक्ट्रेट परिसर स्थित नॉलेज पार्क में सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर एच.डी. सिंह ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान गांधीजी के प्रिय भजनों और रामधुनी की प्रस्तुतियों के साथ सत्य, अहिंसा और सर्वधर्म समभाव का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिरिक्त जिला कलक्टर एच.डी. सिंह द्वारा गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद उपखंड अधिकारी लक्ष्मीकांत मीणा, जिला कोषाधिकारी चित्रा सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओ.पी. सामर, जिला रसद अधिकारी शिवजीराम जाट, पर्यावरणविद् विठ्ठल सनाढ्य सहित प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने बापू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
भजनों से दिया सर्वधर्म समभाव का संदेश
सर्वधर्म प्रार्थना सभा में स्कूली छात्र-छात्राओं और स्काउट-गाइड्स ने गांधीजी के प्रिय भजनों की संगीतमय प्रस्तुतियां दीं। ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ और ‘रघुपति राघव राजा राम’ की प्रस्तुति ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
इसके साथ ही ‘तू ही राम है, तू रहीम है’, ‘जय बोलो सत धर्मों की’ और ‘कुछ पल की जिंदगानी’ जैसे भजनों की प्रस्तुति के माध्यम से सर्वधर्म समभाव और आपसी सद्भाव का संदेश दिया गया।
धर्मगुरुओं ने शांति और सद्भाव का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न धर्मों के गुरुओं ने अपने-अपने धर्मग्रंथों से शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देने वाले अंशों का पाठ किया। सर्वधर्म प्रार्थना सभा के माध्यम से उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सद्भाव के सिद्धांतों को याद किया।
कार्यक्रम ने लोगों को गांधीजी के विचारों और उनके दिखाए मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का संचालन लोकेश वशिष्ठ ने किया।
