बूंदी। अनंत चतुर्दशी पर बूंदी में गणपति विसर्जन का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। शहरभर में निकली विसर्जन शोभायात्राओं में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और भजनों की धुन पर नाचते-गाते श्रद्धालुओं ने **‘गणपति बप्पा मोरिया, अगले बरस तू जल्दी आ’** के जयकारों के बीच प्रथम पूज्य भगवान गणेश को विदाई दी।
देर रात तक शहर के जैतसागर, नवलसागर, बोहरा कुंड और मांगली नदी सहित विभिन्न विसर्जन स्थलों पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला चलता रहा। शहर में करीब 2500 छोटी-बड़ी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इनमें करीब एक से छह फीट तक की प्रतिमाएं शामिल रहीं। विसर्जन से पहले श्रद्धालुओं ने गणपति की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
अनंत चतुर्दशी के अवसर पर शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से गणेश प्रतिमाओं की शोभायात्राएं निकाली गईं। श्रद्धालु दिनभर जत्थों के रूप में प्रतिमाओं को लेकर विसर्जन स्थलों तक पहुंचे। पूरे शहर में धार्मिक और उत्सवी माहौल बना रहा।
जैतसागर में महाआरती के बाद हुआ विसर्जन
गणेश महोत्सव समिति की ओर से शुक्रवार को भगवान श्री गणेश की भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ भूरा गणेश मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुआ। इसके बाद भगवान गणेश की प्रतिमा को सुसज्जित रथ में विराजमान कर नगर भ्रमण के लिए रवाना किया गया।
शोभायात्रा भूरा गणेश मंदिर से कोटा रोड, नागर सागर कुंड, चौगान दरवाजा, चौमुखा बाजार, चूड़ी बाजार, मोची बाजार, कागजी देवरा और बड़ा रामद्वारा होते हुए जैतसागर तालाब पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर और आरती उतारकर गणपति का स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की थाप और गणपति बप्पा के जयकारों से शहर का वातावरण भक्तिमय हो गया।
जैतसागर पहुंचने पर समिति पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की महाआरती की। इसके बाद धार्मिक विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
महोत्सव समिति प्रवक्ता अभिषेक जैन ने बताया कि कार्यक्रम में अध्यक्ष विजयंत सिंह आमेरा, संरक्षक रोशन भड़कतिया, भाजपा शहर अध्यक्ष राजकुमार श्रंगी, पूर्व पालिका अध्यक्ष भगवान लाडला, पार्षद पेंशु सिंह, केसी वर्मा, राजकुमार दाधीच, राजेश शेरगढ़िया, संजय शर्मा, पूर्व पार्षद मोइनुद्दीन, मनोज जांगिड़, संजय तारवान, मनोज गौतम, योगेश जैन, अशोक शेरगढ़िया, मोहित शर्मा, चित्रांश तारवान और अनिल शर्मा सहित बड़ी संख्या में शहरवासी एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
विसर्जन स्थलों पर पुलिस रही मुस्तैद
गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर जिला एवं पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए। जैतसागर, नवलसागर, बोहरा कुंड, मांगली नदी सहित जिले के विभिन्न विसर्जन स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहा।
जैतसागर तालाब पर एसडीआरएफ के जवानोंके साथ पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए। सुरक्षा व्यवस्था के तहत मोटर बोट, क्रेन और अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की गई। प्रशासन और पुलिस की निगरानी के बीच देर रात तक गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला जारी रहा।
