बूंदी। भाई दूज पर बूंदी के ठीकरदा, सथूर और बड़ौदिया गांवों में पारंपरिक घास भैरू महोत्सव की धूम रही। वर्षों पुरानी लोक परंपरा को देखने के लिए बूंदी के अलावा कोटा, देवली और टोंक सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों लोग पहुंचे। स्थानीय कलाकारों के हैरतअंगेज करतबों और जादुई झांकियों ने दर्शकों को रोमांचित किया।
महोत्सव में एक पतले धागे पर लटकी मोटरसाइकिल, गिलास पर खड़ा चौपहिया वाहन और बावड़ी के पानी में तैरती विशालकाय पट्टी जैसे करतब आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं, मूर्ति से पानी की धारा निकलने और मानव शरीर की विचित्र आकृतियों वाली झांकियों ने भी लोगों का ध्यान खींचा। विभिन्न कला मंडलों ने जगह-जगह स्टेज शो प्रस्तुत किए।
ग्रामीणों ने घास भैरू की पूजा-अर्चना कर पारंपरिक सवारी निकाली। सैनी समाज के लोगों की सहभागिता में निकली सवारी का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने सुख-समृद्धि और अमन-चैन की कामना की। सहायक पर्यटन अधिकारी प्रेमशंकर सैनी ने बताया कि घास भैरू की सवारी निकालने की परंपरा वर्षों से चली आ रही है।
बड़ौदिया में जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव और नगर परिषद सभापति भरत शर्मा भी महोत्सव देखने पहुंचे। उन्होंने कलाकारों के करतबों की सराहना की। भाजपा नेता राधेश्याम गुप्ता ने उनकी अगवानी की। भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने गांवों के बाहर पार्किंग व्यवस्था कर यातायात नियंत्रित किया।
